उत्तरी दिल्ली नगर निगम के रोहिणी क्षेत्र में भी सफाई अभियान

उपराज्यपाल के माध्यम से निगमों का फंड जारी होने की सूचना पाते ही काम पर वापस आने के लिए सफाई कर्मियों का आभार - सतीश उपाध्याय

नई दिल्ली, 13 जून।  दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री सतीश उपाध्याय ने दिल्ली के उपराज्यपाल श्री नजीब
जंग का आभार प्रकट किया है जिन्होंने हस्तक्षेप कर दिल्ली के नगर निगमों का फंड रिलीज करवा कर दिल्ली के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म होने का रास्ता खुलवाया।  श्री उपाध्याय ने कहा है कि दिल्ली सरकार ने 8 जून, 2015 को फंड देने की खोखली घोषणा तो की पर किया नहीं।  फंड तब रिलीज हुआ जब कल प्रातः तीनों निगमों के नेताओं ने उपराज्यपाल से मिल कर हस्तक्षेप का अनुरोध किया।

आज प्रातः प्रदेश अध्यक्ष श्री सतीश उपाध्याय ने पूर्वी दिल्ली नगर निगम स्थायी समिति अध्यक्षा श्रीमती लता गुप्ता, सदन के नेता श्री रामनारायण दूबे और वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारियों के साथ सर्वाधिक प्रभावित पूर्वी दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर कल रात से ही निगम कर्मियों द्वारा प्रारम्भ हुये सफाई कार्यों का निरीक्षण किया।  प्रदेश अध्यक्ष ने अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन के सामने और श्यामलाल काॅलेज के पास श्रमदान कर सफाई कार्य में कुछ देर सहयोग किया।

 पार्टी नेता विधायक श्री ओम प्रकाश शर्मा, श्रीमती रेखा गुप्ता, श्री जय प्रकाश, श्रीमती किरण चड्डा, श्री अनिल गुप्ता, डाॅ. कंवर सैन, श्री दिनेश प्रताप सिंह, प्रो. राजवीर शर्मा, निगम पाषर्द श्रीमती स्वाती गुप्ता, श्री महेन्द्र आहुजा, श्रीमती सुषमा शर्मा, श्री सुशील उपाध्याय आदि प्रदेश अध्यक्ष के साथ रहे।

दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री विजेन्द्र गुप्ता ने क्षेत्रीय निगम पार्षदों के साथ रोहिणी क्षेत्र में सफाई अभियान में सफाई कर्मियों का सहयोग किया और कहा कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम के इस क्षेत्र में अगले एक दिन में सफाई सुचारू हो जायेगी।

श्री उपाध्याय ने बाद में कहा कि केजरीवाल सरकार की गंदी राजनीति के कारण नगर निगमों के फंड रोके गये जिसके चलते दिल्ली विशेषकर पूर्वी दिल्ली के नागरिकों को नारकीय परिस्थिति का सामना करना पड़ा।

श्री उपाध्याय ने कहा कि हम दिल्ली के सफाई कर्मचारियों की भावनाओं का सम्मान करते हैं कि जैसे ही उन्हें वेतन मिलने का ठोस आश्वासन मिला वह कल देर शाम से ही काम पर लौट आये हैं और मात्र 12 घंटे में ही निगम आंकड़ों के अनुसार 2000 मेट्रिक टन कूड़ा दिल्ली की सड़कों और ढलाओं से हटाया गया है।  मैं सफाई कर्मियों को बधाई देता हूँ और उम्मीद करता हूँ कि आज रात तक 3500 मेट्रिक टन कूड़ा दिल्ली की सड़कों से साफ हो जायेगा।


उन्होंने कहा कि भाजपा के सभी पार्षद एवं जिला, मंडल पदाधिकारी सफाई कर्मियों को अपना पूरा सहयोग देंगे और अगले 48 घंटों में हम दिल्ली को वापस संवारेंगे।  सफाई एवं स्वास्थ्य निरीक्षकों को आदेश दिया गया है कि वह सावधानी बरतें कि कोई बीमारी न फैले और जहां आवश्यकता हो दस्ताने और मास्क कर्मियों को उपलब्ध करायें।  

Comments

Popular posts from this blog

Sameer Ansari, Don of Bihar, having a Reward of Rs 50000/- Arrested in Delhi

Two Gangsters Including Kingpin Shiva Suri and His Associate Avdesh @ Gabbar Arrested

Dreaded Gangster Deepak Gautam @ Pandit Arrested