दिल्ली भाजपा के पंच परमेश्वर सम्मेलन को राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह के साथ अन्य केन्द्रीय मंत्रियों ने सम्बोधित किया

   


नई दिल्ली, 25 मार्च।  दिल्ली के नगर निगम चुनावांें के शंखनाद के रूप में दिल्ली भाजपा ने आज अपने बूथ प्रबंधन से जुड़े कार्यकर्ताओं के सम्मेलन का आयोजन रामलीला मैदान में किया।  पार्टी के इस सम्मेलन में प्रत्येक पोलिंग बूथ से जुड़े पांच कार्यकर्ता आपेक्षित थे और इन कार्यकर्ताओं के सम्मान स्वरूप इन्हें पंच परमेश्वर की उपमा देते हुये इसे पंच परमेश्वर सम्मेलन घोषित किया।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री मनोज तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित सम्मेलन को राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह के अतिरिक्त केन्द्रीय मंत्री एवं पूर्व अध्यक्ष श्री एम. वैंकेया नायडू, भाजपा के संगठन महामंत्री श्री रामलाल, भाजपा के दिल्ली प्रभारी श्री श्याम जाजू, केन्द्रीय मंत्री डाॅ. हर्ष वर्धन एवं श्री विजय गोयल, राष्ट्रीय मंत्री श्री महेश गिरी, सांसद डाॅ. उदित राज, श्री प्रवेश वर्मा, श्रीमती मीनाक्षी लेखी ने सम्बोधित किया।  

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री विनय सहस्त्रबुद्धे, महामंत्री डाॅ. अनिल जैन, केन्द्रीय मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण, डाॅ. जितेन्द्र सिंह, राष्ट्रीय मंत्री श्री तरूण चुघ एवं सरदार आर पी सिंह, पूर्व अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा, श्री मांगे राम गर्ग, श्री विजेन्द्र गुप्ता, श्री सतीश उपाध्याय ने मंच से सम्मेलन में उपस्थित एक लाख से अधिक कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। 

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने आज, शनिवार को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित विशाल पंच परमेश्वर बूथ सम्मेलन को संबोधित किया और आम आदमी पार्टी की सरकार पर नई दिल्ली की अनदेखी को लेकर जम कर हमला बोला। उन्होंने कार्यकर्ताओं से दिल्ली की जनता के सामने आम आदमी पार्टी के काले कारनामों का पर्दाफाश करने की अपील की और एमसीडी चुनावों में एक बार फिर से भारतीय जनता पार्टी का परचम लहराने का आह्वान किया।   

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कई राजनीतिक विश्लेषक और पत्रकार पूछते हैं कि पांच राज्यों के विधान सभा चुनाव में इतनी बड़ी जीत का रहस्य क्या है? उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक जनादेश के पीछे कई कारण हैं - प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र  की भारतीय जनता पार्टी सरकार का कामकाज है, श्री मोदी जी का स्वयं का व्यक्तित्व है, उनकी लोकप्रियता है, उनकी गरीब कल्याण की नीतियाँ भी है और प्रदेश की जनता का उनके प्रति प्यार भी है लेकिन चुनाव जीतने का सबसे महत्त्वपूर्ण कारण बूथ पर लड़ता हुआ भारतीय जनता पार्टी का हमारा कार्यकर्ता है। उन्होंने कहा कि पाँचों राज्यों में चुनाव प्रचार की शुरुआत हमने ऐसे ही बूथ सम्मेलनों से की थी और वहां कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि इस बार विजय प्राप्त करके ही रहना है और उसी का नतीजा है इन पांच राज्यों में से चार में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है। दिल्ली के भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 2014 के बाद देश में जितने भी चुनाव हुए, उन सभी चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को जीत हासिल हुई है बस दिल्ली और बिहार में हम जीत नहीं पाए, हमें इन दोनों राज्यों में काफी वोट मिले, हमारे वोट प्रतिशत में वृद्धि भी हुई लेकिन हमें सीटें नहीं मिल पाई। 

प्रदेश अध्यक्ष श्री मनोज तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित इस पंच परमेश्वर सम्मेलन को सफल बनाने के लिए प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सिद्धार्थन, महामंत्री श्री कुलजीत सिंह चहल, श्री रविन्द्र गुप्ता एवं श्री राजेश भाटिया सहित सभी प्रदेश पदाधिकारियों, सम्मेलन संयोजक श्री तिलक राज कटारिया, सह-संयोजक श्री हर्ष मल्होत्रा की वृहद टीम ने लगभग एक माह रात-दिन मेहनत कर दिल्ली के सभी 13372 पोलिंग बूथों पर बूथ प्रबंधक नियुक्त किये।  

श्री मनोज तिवारी ने कार्यकर्ताओं का सम्मेलन में स्वागत किया और कहा कि भारत सरकार वर्तमान वर्ष को गरीब कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है और भाजपा कार्यकर्ताओं का यह दायित्व है कि वह मेहनत करके सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचायें।  साथ ही हमें आगामी चुनाव के प्रचार में दिल्ली के हर घर जाना होगा, हर दरबाजे को खटखटाना होगा ताकि हम दिल्ली को एक ऐसी सत्ताधारी पार्टी से बचा सकें जिसके नेता धोखेबाज एवं जालसाज हैं।

श्री तिवारी ने कहा कि मैं गत कुछ महीनों में दिल्ली के सभी वर्गों के लोगों के बीच गया हूँ और मैंने पाया कि चाहे झुग्गीबस्ती में रहने वाले हों या दिल्ली देहात में या फिर अनधिकृत कालोनियों में, या फिर व्यापारी अथवा ट्रांस्पोर्टर हों सभी वर्तमान सरकार से परेशान हैं।  यह विडम्बना है कि जो सरकार सबको मुफ्त पानी के नाम से सत्ता में आई थी आज उसके शासन में गरीबों को चार से पांच घंटे नल के सामने पानी का इंतजार करना पड़ता है।  उन्होंने लोगों का ध्यान प्रधानमंत्री द्वारा आज विश्व पृथ्वी डे के अवसर पर किये आवाह्न पर आकृष्ट करते हुये कहा कि जहां संभव हो हम सब रात 8.30 से 9.30 बजे तक बिजली का उपयोग न करें।

श्री तिवारी ने कहा कि यह दुखद है कि दुनिया भर के मुफ्त वायदे कर सत्ता मंे आई केजरीवाल सरकार आज फिर दिल्ली की जनता को सम्पत्तिकर मुक्त करने की बात से गुमराह करने की कोशिश कर रही है जबकि भाजपा शासित नगर निगम इसके लिए पहले ही कदम उठा चुके हैं जबकि केजरीवाल सरकार निगमों पर अनधिकृत कालोनियों से सम्पत्तिकर वसूलने का दबाव डालती रही है। 

श्री राम लाल ने कहा कि आगमी नगर निगम जीतने के लिए हमें चार मुख्य काम करने होंगे वोटर लिस्ट चैक करना, उसमें हर घर को चैक करना, हर वोटर की स्थिति को जानना और इसके लिए हमें हर घर के दरबाजे पर दो से तीन बार जाना होगा जिसके बाद हमारे पास हमारे संभावित समर्थकों की सूची होगी।  इसके लिए हमें पूरे समर्पण से काम करना होगा और यह श्रम देश के अन्य भागों की तरह दिल्ली के कार्यकर्ताओं को भी जीत का गौरव देगा। 

श्री एम. वैकेया नायडू ने कहा कि दिल्ली भारत का दिल है, यहां देश के हर कौने के लोग रहते हैं और यह मिनी भारत है।  जो कुछ दिल्ली में होता है उसका प्रभाव पूरे भारत में होता है अतः निगम चुनावों में भाजपा की विजय पूरे देश को एक शुभ संकेत देगी।

श्री नायडू ने कहा कि भाजपा सरकारें देश के चारों कौनों में आज शासन कर रही हैं और पूरी तरह भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन दिया है।  कांग्रेस पार्टी ने वर्षों देश को लूटा और जनकल्याण के लिए कोई कार्य नहीं किया।  आज देश मंे भाजपा के पास सबसे अधिक महिला, अनुसूचित जाति एवं जनजाति के सांसद हैं और भाजपा का निरंतर विस्तार हो रहा है जबकि अन्य राजनीतिक दल विघटित हो रहे हैं।  हमारा लक्ष्य है 2022 तक देश में हर परिवार के पास अपना घर हो।  छोटे व्यापारियों एवं युवाओं को स्वाबलम्बी बनाना मोदी सरकार का संकल्प है।
श्री श्याम जाजू ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और आज यहां आये लाखों कार्यकर्ताओं का उत्साह देख मैं यह कह सकता हूँ कि भाजपा नगर निगम चुनावों में भारी बहुत से विजयी होगी।  उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की विजय यात्रा को दिल्ली विधानसभा की हार ने बाधित किया था और अब आज जब पुनः पूरा देश भाजपा के पीछे खड़ा है ऐसे में दिल्ली नगर निगम चुनाव में भाजपा की विजय प्रधानमंत्री को दिल्ली के भाजपा कार्यकर्ताओं का तोहफा होगी।

केन्द्रीय मंत्री डाॅ. हर्ष वर्धन ने कहा कि गांव की पंचायत में जिस तरह पंच परमेश्वर लोगों को न्याय दिलाने के लिए काम करते हैं उसी तरह हमारे यह पंच परमेश्वर जहां एक ओर केजरीवाल सरकार का पर्दाफाश करने के लिए काम करेंगे वहीं दूसरी ओर केन्द्र की मोदी सरकार की योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचायेंगे।  आज देश भगवा रंग में रंगा है और शीर्ष ही हम दिल्ली के सभी 13372 पोलिंग बूथों को भगवा रंगा देखेंगे।

केन्द्रीय मंत्री श्री विजय गोयल ने कहा कि केजरीवाल अन्ना हजारे के भ्रष्टाचारी विरोधी मुहिम के दौरान सामने आये पर आज उनकी सरकार के भ्रष्टाचार को देखकर लगता है कि जो ईमानदारी का मुखौटा उन्होंने उस वक्त दर्शाया वह राजनीति में आगे बढ़ने के लिए एक सोची समझी योजना का भाग था।  उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी हैं जहां चाहे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी हों या फिर पार्टी अध्यक्ष श्री अमित शाह सभी कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान देते हैं।

डाॅ. उदित राज ने कहा कि भाजपा जनकल्याण को समर्पित पार्टी है विशेषकर दलितों को और उनके उत्थान के लिए सरकार ने विभिन्न योजनायें दी हैं।  उन्होंने कहा कि कांग्रेस एवं आम आदमी पार्टी देश भर के लोगों का विश्वास खो चुकी हैं और अब समय आ चुका है कि दिल्ली की जनता भी इन्हें ठुकरा दें।

श्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि हमारे प्रदेश अध्यक्ष श्री मनोज तिवारी ने जनता के बीच जाकर दिल्ली के वस्तुस्थिति को समझा है और यह सराहनीय कार्य है।  श्री तिवारी की मेहनत का असर है कि भाजपा के कार्यक्रमों में जनभागीदारी के रूप में दिखाई देता है।  हमें प्रधानमंत्री की उपलब्धियों को जनता के बीच लेकर जाना है।  उन्होंने कहा कि यह देखकर आश्चर्य होता है कि किस तरह केजरीवाल सरकार जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है, जनता के सामने मोहल्ला क्लीनिक की धारणा को महिमामंडित किया जाता है और खुद खांसी का इलाज बैंगलूरू जाकर कराते हैं।  श्री वर्मा ने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि वह राजौरी गार्डन उपचुनाव में अकाली-भाजपा उम्मीदवार सरदार मनजिन्दर सिंह सिरसा को सफल बनाने के लिए काम करें क्योंकि यह दिल्ली के भ्रष्ट मुख्यमंत्री के मुह पर तमाचा होगा।

श्रीमती मीनाक्षी लेखी ने कहा कि 2014 के चुनाव में जाते हुये हम नें देश की जनता से महंगाई कम करने का वायदा किया था और आज हमें खुशी है कि आवश्यक बस्तुओं के दाम नियंत्रण में हैं।  एक समय था जब प्याज के दामों के कारण सरकारें बदल गई पर आज महंगाई चर्चा का बिन्दु नहीं है।  प्रधानमंत्री श्री मोदी की सरकार गरीबों एवं महिलाओं को समर्पित सरकार है और इसी उद्देश्य से करोड़ों परिवारों को फ्री गैस कनेक्शन दिये गये हैं। श्री महेश गिरी ने कहा कि पंच परमेश्वरों को समझना होगा कि वह पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं और उनके द्वारा किया कार्य हर वार्ड में हमें विजय दिलायेगा।  अपनी बात समझाने के लिए उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अपने हाथ की हथेली पर दूसरे हाथ की एक उंगली को बजायें, फिर दो को बजायें, फिर तीन को फिर चार बजायें तो हलकी आवाजयें आयेंगी पर जब पांचों उंगलियां मिलकर बजेंगी तो जो गूंज होगी वह सबको सुनाई देगी यह होती है पंचों की आवाज। 

Comments

Popular posts from this blog

Sameer Ansari, Don of Bihar, having a Reward of Rs 50000/- Arrested in Delhi

MOST WANTED GANGSTER NAMELY GYANENDER @ GADGU REWARDEE OF RS.1 LAC ALONGWITH HIS ASSOCIATE RAJIV DAHIYA @ RAJU ARRESTED

Imposter IPS Officer Arrested; an Academic Who Became a Cheat to Realize His Dream Unfulfilled