भाजपा ने कहा केजरीवाल को चाहिये कि अब वह मोदी-मोदी करना छोड़ें और जेल यात्रा पर जाने की तैयारी करें

केन्द्रीय गृहमंत्री श्री राजनाथ सिंह ने सांसद महेश गिरी के नैतिक साहस की प्रशंसा कर कहा कि वह राजनीतिक द्वेष से लगाये आरोपों पर ध्यान न दें और अपना मानस जन सेवा पर केन्द्रित रखें

नई दिल्ली, 21 जून।  केन्द्रीय गृहमंत्री श्री राजनाथ सिंह के हस्तक्षेप के बाद आज सांसद श्री महेश गिरी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निवास के बाहर अपना अनशन स्थगित कर दिया।

केन्द्रीय गृहमंत्री श्री राजनाथ सिंह आज सायं सांसद श्री महेश गिरी से मिलने अनशन स्थल पर पहुंचे एवं उन्हें विश्वास दिलाया कि पुलिस की किसी भी जांच में उन पर किसी भी प्रकार का आरोप नहीं मिला है, अतः वह राजनैतिक द्वेष से लगाये जा रहे आरोपों से विचलित न हों। समाज में हर जगह आज श्री महेश गिरी के नैतिक साहस की एवं उनके द्वारा किये कार्यों की प्रशंसा हो रही है। यह आवश्यक है कि श्री महेश गिरी राजनीतिक द्वेष से लगाये आरोपों पर ध्यान न दें और अपना मानस जन सेवा पर केन्द्रित रखें।

केन्द्रीय गृहमंत्री एवं दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री सतीश उपाध्याय ने सांसद श्री महेश गिरी को जल ग्रहण करा कर उनका तीन दिवस से चला आ रहा अनशन तुड़वाया।

अनशन स्थल पर प्रातः कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये श्री सतीश उपाध्याय ने कहा कि श्री महेश गिरी साधुवाद के पात्र हैं कि उन्होंने समाज में झूठ एवं फर्जीवाड़ों के प्रतीक के रूप में उभरे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के विरूद्ध अभियान छेड़ा है। इस अभियान में भारतीय जनता पार्टी का हर कार्यकर्ता श्री महेश गिरी के साथ है। उन्होंने कहा कि श्री महेश गिरी का यह अनशन मुख्यमंत्री केजरीवाल के झूठ के साम्राज्य के अंत की शुरूआत करेगा। जलबोर्ड टैंकर घोटाले की एफआईआर में मुख्यमंत्री केजरीवाल का नाम आने के बाद उनके द्वारा प्रधानमंत्री पर उंगली उठाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये श्री उपाध्याय ने कहा कि केजरीवाल साहब को चाहिये कि अब वह मोदी-मोदी करना छोड़ें और जेल यात्रा पर जाने की तैयारी करें।                  

सोमवार देर रात सांसद श्री महेश गिरी के स्वास्थ्य में गिरावट के समाचार के बाद मंगलवार को प्रातः केन्द्रीय मंत्री डाॅ. हर्ष वर्धन एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री सतीश उपाध्याय, सांसद श्री प्रवेश वर्मा, श्री विजय गोयल, पूर्व महापौर श्री हर्ष मल्होत्रा, पूर्व विधायक पवन शर्मा, श्री सुभाष सचदेवा, श्री जितेन्द्र सिंह शन्टी सहित अनेक वरिष्ठ नेता श्री महेश गिरी से मिलने अनशन स्थल पर पहुंचे।


केन्द्रीय मंत्री डाॅ. हर्ष वर्धन ने एकत्र कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये कहा कि दिल्ली अराजकता के एक ऐसे दौर से गुजर रही है जिसका अन्त यदि शीघ्र नहीं हुआ तो दिल्ली में संविधानिक संकट उत्पन्न हो जायेगा। उन्होंने श्री महेश गिरी से अनुरोध किया कि वह केजरीवाल सरकार के दुष्प्रचार के विरूद्ध अपना संघर्ष जारी रखें पर मानवीय स्वास्थ्य की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुये अनशन त्याग दें।

Comments

Popular posts from this blog

Sameer Ansari, Don of Bihar, having a Reward of Rs 50000/- Arrested in Delhi

Two Gangsters Including Kingpin Shiva Suri and His Associate Avdesh @ Gabbar Arrested

Dreaded Gangster Deepak Gautam @ Pandit Arrested