आम आदमी पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूछे 5 सवाल

भाजपा दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों पर बुरी तरह से 
फंसी हुई है : गोपाल राय

 नई दिल्ली 7 मई 2019, मंगलवार को एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए दिल्ली प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी कल दिल्ली की जनता के बीच आ रहे हैं, दिल्ली की जनता को यह बताने के लिए, कि 2014 में दिल्ली की जनता ने भाजपा के सातों सांसदों को जिता कर संसद में भेजा था। तो पिछले 5 साल में इन सातों सांसदों ने एवं भाजपा ने दिल्ली की जनता के लिए क्या काम किए? और दोबारा दिल्ली की जनता भारतीय जनता पार्टी को क्यों वोट दें?

उन्होंने कहा की दिल्ली में अभी तक आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस ने जो भी प्रचार किया है, उसमें कांग्रेस 2024 की तैयारी करते हुए नजर आ रही है। कांग्रेस के प्रत्याशी तो पहले ही हार मान चुके हैं। अब अपने कार्यकर्ताओं को समझाने के लिए कांग्रेस पार्टी कह रही है, कि हम 2024 के लोकसभा चुनाव की नींव रखने के लिए 2019 का लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कांग्रेस की बात समझ में आती है कि वह 2024 की तैयारी कर रहे हैं। परंतु भाजपा जिसके सातों प्रत्याशियों को दिल्ली की जनता ने 2014 में जिता कर संसद में भेजा था, उनके भीतर बेचैनी का क्या कारण है, यह समझ से परे है। आज भाजपा की सारी तरकीबें दिल्ली में आकर पैरालाइज हो चुकी हैं। भाजपा ने अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए दो प्रत्याशियों को भी बदला, परंतु बावजूद उसके दोनों लोकसभाओं में उनके प्रत्याशियों का कैंपेन उठ नहीं पा रहा है।

दक्षिणी दिल्ली लोकसभा से भाजपा के प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी बुरी तरह से चुनाव हार रहे हैं। नई दिल्ली लोकसभा में भाजपा प्रत्याशी मीनाक्षी लेखी अभी तक जनता के बीच में नहीं उतर पाई है। अपने कार्यकर्ताओं से माफी मांगती घूम रही है कि आज के बाद मैं सभी के साथ अच्छा आचार व्यवहार रखूंगी। किसी के साथ दुर्व्यवहार नहीं करूंगी। पश्चिमी दिल्ली में भी भाजपा की हालत बदतर है। सभी लोगों ने वीडियो के माध्यम से देखा था कि किस तरह एक गांव के लोग भाजपा प्रत्याशी को बोल रहे हैं, कि अपने चमचों से ही वोट लेना हमारे पास वोट मांगने मत आना।

आज दिल्ली में भाजपा के सातों प्रत्याशियों में सबसे बुरी हालत भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं उत्तर पूर्वी दिल्ली से लोकसभा सांसद मनोज तिवारी जी की है। 5 साल में केवल अरविंद केजरीवाल को सुबह शाम कोसने के अलावा मनोज तिवारी जी ने कोई काम नहीं किया। वह भूल गए थे कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष होने के साथ-साथ वह एक सांसद भी हैं।

गोपाल राय ने बताया कि कल दिल्ली की 70 विधानसभाओं में पार्टी द्वारा बनाए गए निरीक्षकों द्वारा जो रिपोर्ट दी गई, उसके मुताबिक भाजपा दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों पर बुरी तरह से फंसी हुई है। अमित शाह जी भाजपा के लिए प्रचार करने दिल्ली आए, फेल हो कर वापस चले गए। सुषमा स्वराज जी भी दिल्ली में प्रचार के लिए आई, जनता के बीच उतरने की हिम्मत नहीं हुई। बैंकट हॉल के अंदर जन सभा रखी, उसके बावजूद भी कुर्सियां खाली पड़ी रही। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी की उम्मीद की आखिरी किरण नरेंद्र मोदी जी अब भाजपा की डूबती नैया को पार लगाने के लिए दिल्ली आ रहे हैं।

मीडिया के माध्यम से गोपाल राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से पांच प्रश्न पूछे जो निम्न प्रकार से हैं....

1) 2014 के लोकसभा चुनाव में इसी रामलीला मैदान से नरेंद्र मोदी जी ने दिल्ली को पूर्ण राज्य देने का वादा किया था। 5 साल बीत गए, आपने अपना वादा क्यों नहीं निभाया? क्या अपनी वादाखिलाफी के लिए दिल्ली की जनता से माफी मांगेंगे?

2) दिल्ली की जनता डेढ़ लाख करोड़ रुपए टैक्स के रूप में जमा करके केंद्र सरकार को देती है, बदले में दिल्ली के विकास के लिए मात्र 325 करोड रुपए वापस दिए जाते हैं। मोदी जी बताएं दिल्ली की जनता के साथ यह नाइंसाफी क्यों?

3) 2014 के लोकसभा चुनाव में दिल्ली की जनता ने भाजपा के सातों प्रत्याशियों को जिताया, तो फिर दिल्ली की जनता के साथ आप सौतेला व्यवहार क्यों करते हैं?

4) दिल्ली देश की राजधानी है और राजधानी में सीलिंग के माध्यम से व्यापार और व्यापारियों को बर्बाद कर दिया गया। आपने सीलिंग के मुद्दे पर एक शब्द नहीं बोला क्यों?

5) 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने दिल्ली के लिए अलग से घोषणा पत्र जारी किया था, इस बार वह घोषणा पत्र कहां है?

गोपाल राय ने कहा कि हम उम्मीद करते हैं कि कल नरेंद्र मोदी जी अपने भाषण में  दिल्ली की जनता के इन 5 सवालों का जवाब जरूर देंगे।

दिल्ली में चल रहे आम आदमी पार्टी के प्रचार अभियान को लेकर गोपाल राय ने बताया कि तीसरे चरण का प्रचार अभियान जिसके तहत मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एवं अन्य वरिष्ठ नेताओं की जनसभाओं एवं पदयात्रा का आयोजन रखा गया था, कल उस चरण का आखरी दिन है। अगले चरण के लिए आम आदमी पार्टी ने रणनीतियां तैयार की है। जिसके तहत 9 और 10 मई को आम आदमी पार्टी दिल्ली की 70 विधानसभाओं में 70 रोड शो का आयोजन करेगी। इन रोड शो को स्थानीय विधायक नेतृत्व करेंगे, और जिन विधानसभा में विधायक नहीं है, वहां विधानसभा अध्यक्ष लोकसभा प्रत्याशी के साथ मिलकर इसका नेतृत्व करेंगे।

Comments

Popular posts from this blog

Sameer Ansari, Don of Bihar, having a Reward of Rs 50000/- Arrested in Delhi

MOST WANTED GANGSTER NAMELY GYANENDER @ GADGU REWARDEE OF RS.1 LAC ALONGWITH HIS ASSOCIATE RAJIV DAHIYA @ RAJU ARRESTED

Imposter IPS Officer Arrested; an Academic Who Became a Cheat to Realize His Dream Unfulfilled